मथुरा। भूतेश्वर एवं वृंदावन रेलवे स्टेशन पर तत्काल आरक्षण काउंटर पर दलालों को रोकने के लिए आरपीएफ ने नई योजना बनाई है। इसके तहत आरपीएफ जवान तत्काल टिकट बनवाने वाले लोगों को टोकन देकर अंदर प्रवेश देंगे।
मथुरा छावनी, भूतेश्वर एवं वृंदावन रेलवे स्टेशन पर तत्काल रिजर्वेशन काउंटर पर दलालों की मनमानी को रोका जाएगा। एजेंटों व कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते तत्काल में अपने ग्राहकों की टिकट कटा लेते हैं। इससे सामान्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन शिकायतों की रोकथाम के लिए आरपीएफ जवान अब वृंदावन और भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट कराने वाले लोगों को बाहर से ही टोकन देंगे। इसके बाद उनको अंदर जाने की अनुमति होगी। टोकन देने से पूर्व फार्म और आईडी की जांच की जाएगी। आरपीएफ निरीक्षक पीके ओझा ने बताया कि टिकट एजेंटों की काफी शिकायतें मिल रही है। कार्रवाई करते हुए उचित कदम उठाया जाएगा।
सूची चिपकाकर दबंगई दिखाते हैं एजेंट
भूतेश्वर, वृंदावन और मथुरा छावनी रेलवे स्टेशन पर टिकट एजेंट सुबह होते ही तत्काल आरक्षण काउंटर पर अपनी सूची चिपका देते हैं। सूची मेें एजेंट अपने आरक्षण कराने वाले कुल व्यक्तियों की संख्या लिखकर चला जाता है। काउंटर खुलने पर लाइन में लगे यात्रियों को यह सूची दिखाते हुए एजेंट उनको लाइन से हटा देते हैं। विरोध करने पर मारपीट करने से भी पीछे नहीं हटते हैं।