वृंदावन। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक शनिवार को ओमैक्स सिटी में शुरू हो गई। बैठक के पहले दिन विभिन्न राज्यों के सैकड़ों प्रतिनिधियों ने भाग लिया। शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष रामदास अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता और संत बब्बू भैया ने महाराज अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इस दौरान राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक एवं व्यापारिक सुधार के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में रामदास अग्रवाल ने कहा कि अग्र समाज को अपनी एकता का परिचय देने का समय आ गया है। देश की राजनीति में अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी। सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की भागीदारी में निहित है। जबकि वैश्य समाज में राजनीतिक उदासीनता है। 1952 की संसद में जहां 82 अग्रबंधु सांसद हुआ करते थे, जबकि वर्तमान में वैश्य समाज के सात सांसद हैं। उन्होंने कहा कि अग्र समाज को मजबूती के साथ खड़ा होना होगा। अरविंद केजरीवाल से सीख लेने की बात करते हुए कहा कि राजनीति में ईमानदारी और मेहनत को दिखाते हुए आगे बढ़ना होगा।
महामंत्री गोपाल शरण अग्रवाल ने समाज का आह्वान करते हुए कहा कि देश के वैश्य समाज की उदारता को उसकी कमजोरी माना जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि देश की आर्थिक स्थिति को संभालने वाला और 80 प्रतिशत चैरिटी देने वाला यह समाज देश की दिशा और दशा को सुधारने में अहम भूमिका निभा सकता है। संत बब्बू भैया ने अग्र समाज के लोगों को आशीर्वचन देते हुए समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बसेरा ग्रुप के चेयरमैन एवं समिति के अध्यक्ष रामकिशन अग्रवाल, महामंत्री गोविंद प्रसाद खांडवाले, पूर्व राज्यमंत्री रविकांत गर्ग, उपाध्यक्ष भरतलाल सर्राफ, डॉ. श्यामसुंदर बंसल ने अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंटकर और उत्तरीय ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान गोपाल गोयल, राधेश्याम शोरेवाले, विनोद अग्रवाल, सुदेश अग्रवाल, शिखा गर्ग, योगेश अग्रवाल, मुरलीधर अग्रवाल, दीनानाथ, अशोक अग्रवाल, भीमसेन चक्कीवाले, दीपचंद्र दीपक, गिरधारी मुकुटवाला, बांकेलाल बजाज, प्रोफेसर एमके अगवाल, हरिओम अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
बैठक के प्रमुख बिंदु
देश की औद्योगिक और व्यापारिक नीति सरल की जाए।
विदेशों की तर्ज पर भारतीय व्यापारियों को सुरक्षा मिले।
किसान फसल की तरह व्यापारी का बीमा होना चाहिए।
व्यापारी कल्याण कोष की स्थापना हो।
चैरिटी करने वाले व्यापारी को सरकार सम्मानित करे।
वस्तु भंडार को देशभर में चलाने पर विचार।
अग्रवाल सम्मेलन को हाईटेक बनाने पर जोर दिया।
महाराजा अग्रसेन के मंदिरों के निर्माण पर विचार।
लोकसभा चुनावों में अग्रवाल समाज की भूमिका।
भगवान अग्रसेन पर बनेगा धारावाहिक
कार्यसमिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि भगवान अग्रसेन के जीवन पर धारावाहिक बनाया जाएगा। राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनीष तिवारी से सम्मेलन के पदाधिकारियों ने वार्ता की है। टीवी सीरियल के रूप में उनके जीवन को जन जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया है।
मोदी के नेतृत्व में सत्ता में आएगी भाजपा : रामदास
वृंदावन (ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सत्ता में आएगी। यह कहना था भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामदास अग्रवाल का। वह अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने वृंदावन आए थे।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि देश की जनता यूपीए सरकार के भ्रष्टाचार और महंगाई से परेशान है। वह इस सरकार को उखाड़ फेंकना चाहती है। नरेंद्र मोदी की जनसभाओं में जिस प्रकार जनता पहुंच रही है, विरोधी खेमे में इससे घबराहट है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में वसुंधरा राजे की सरकार अपने पिछले विकास कार्यों के कारण कांग्रेस शासन को हटाकर आई है। अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मात्र खड़े होकर भाषण देना और शासन चलाने में अंतर है। जब उन्हें सरकार बनाने का मौका मिल रहा है, तो वह इनकार क्यों कर रहे हैं। उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पूजा की। उनके साथ समाजसेवी राधाकृष्ण पाठक और आरएसएस के वृंदावन कार्यवाह दासबिहारी अग्रवाल भी थे।