अमर उजाला ब्यूरो
मथुरा। कान्हा की नगरी में आकर दर्शनों का लाभ लेने की लालसा हर देशी-विदेशी श्रद्धालु और पर्यटक के मन में रहती है। हालांकि जानकारी के अभाव एवं रोड ट्रांसपोर्ट की खराब स्थिति के चलते कई बार ये अरमान दिल में ही रह जाते हैं और वे एक-दो मंदिरों के दर्शन कर लौट जाते हैं। यह समस्या जल्द ही खत्म होने जा रही है। अब पर्यटकों को वृंदावन में घुसते ही न केवल यहां के सभी प्रमुख मंदिरों की जानकारी मिल सकेगी, बल्कि दिल्ली की प्रीपेड टैक्सी सर्विस की तर्ज पर वाजिब रेट पर चमचमाती गाड़ी में प्रमुख मंदिरों का सफर करने को मिल सकेगा। प्रशासन वृंदावन में आल्टरनेटिव पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम लागू करने पर मंथन कर रहा है।
रुक्मिणी विहार पार्किग पर बनेगा कार्यालय
आल्टरनेटिव पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम में छटीकरा की ओर से वृंदावन की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों को रुक्मिणी विहार पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को छोटी गाड़ियां मिलेंगी। इन गाड़ियों का रूट चार्ट इस तरह तैयार किया जाएगा कि श्रद्धालु अपनी मर्जी से प्रमुख मंदिरों तक जा सकेगा, वह भी वाजिब दामों पर। यहां स्थापित कार्यालय में श्रद्धालुओं को मोल-तोल से बचाने के लिए पहले से तैयार किराया दर मौजूद रहेगी।
प्लान पर कलक्ट्रेट में हुआ मंथन
आल्टरनेटिव प्लान पर शुक्रवार को डीएम की अध्यक्षता में मंथन किया गया। टाटा मोटर्स एवं अशोक आटो सेल्स कंपनी के अफसरों ने इस प्लान पर अपना डेमो दिया। साथ ही एक कमेटी बनाकर इस व्यवस्था को संचालित करने का सुझाव दिया है। यही नहीं यात्रियों को गाइड करने के लिए पार्किंग पर एक कार्यालय और रिफ्लेक्टर लगाने की आवश्यकता जताई है। डीएम ने विप्रा अफसरों को कंपनी के अफसरों से तालमेल बैठाकर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।