मथुरा। मतदाता सूची पुनरीक्षण में मतदाता मेलों के प्रति बीएलओ का लापरवाह रवैया रहा। गुरुवार को विधानसभा स्तरीय मतदाता मेलों में लापरवाही स्पष्ट दिखी। केआर कालेज में 34 बीएलओ अनुपस्थित रहे। सभी का एक दिन का वेतन काटने और उनके खिलाफ एफआईआर कराने के आदेश कर दिए गए हैं। अन्य विधानसभाओं क्षेत्रों में भी यही स्थिति रही।
गुरुवार को जनपद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता मेला लगाया गया। मथुरा में केआर कालेज में लगे मेले में 826 मतदाताओं ने सूची में नाम बढ़वाने के फार्म जमा किए। 92 दरख्वास्त नाम कटने की तो 66 संशोधन की आईं। इस दौरान मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र के 367 बीएलओ में से 34 अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की संख्या अधिक रही। एसडीएम सदर रमेश चंद ने बताया कि इनके विभागाध्यक्षों को एक दिन का वेतन काटने, शो कॉज नोटिस जारी करने और एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं।
छाता में नाम बढ़ाने के 84, काटने के 12 और संशोधन के नौ फार्म प्राप्त हुए। मांट में नाम बढ़ाने के 122, काटने के 5 तो संशोधन के आठ आवेदन आए। महावन में 1008 नाम बढ़ाने, 18 काटने और 293 फार्म संशोधन के प्राप्त हुए। पांच बीएलओ अनुपस्थित रहे। सभी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
-------------
रोल प्रेक्षक ने किया दौरा
अफसरों को जेंडर रेशियो बढ़ाने के निर्देश
मथुरा। जनपद के रोल प्रेक्षक एवं एडिशनल कमिश्नर आरआर सिंह ने केआर कालेज में लगे मतदाता मेले का निरीक्षण किया। इससे पूर्व कलक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक में उन्होंने जेंडर रेशियो बढ़ाने के प्रयास करने को कहा। बताते चलें कि जनगणना 2011 के मुताबिक जनपद में एक हजार पुरुषों पर 858 महिलाएं हैं। लेकिन निर्वाचन इलेक्ट्राल में इनकी संख्या प्रति एक हजार पर 799 है। प्रेक्षक ने यह कमी जल्द से जल्द दूर करने के आदेश दिए। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा युवा मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराने के लिए कहा। एक जनवरी, 2014 को जो भी युवा 18 वर्ष का हो रहा हो, उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज करा दिया जाए।