वृंदावन। वृंदावन परिक्रमा मार्ग से यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग तोड़ता हुआ एक खोखे में जा घुसा। इस हादसे में खोखे में रखे तख्त पर सो रहे एक व्यक्ति की मौत गई। दुघर्टना से गुस्साए लोगों ने परिक्रमा मार्ग पर जाम लगा दिया।
गिट्टी से भरा ट्रक (आरजे 05 जेए 4862) शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे वृंदावन के अटल्ला चुंगी से परिक्रमा मार्ग होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा था। ट्रक जैसे ही गोपाल खार के समीप पहुंचा ही था कि अनियंत्रित होकर परिक्रमा मार्ग के फुटपाथ की रेलिंग को तोड़ते हुए किनारे रखे जगदीश गोला के खोखे में जा घुसा। यहां तख्त पर सो रहा गांव मनी का वास निवासी संतोष कुमार (30) ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक का चालक और क्लीनर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रक के नीचे फंसे संतोष के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुघर्टना से गुस्साए लोगों ने परिक्रमा मार्ग पर जाम लगाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बाद ने पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में मृतक के चाचा गौरी शंकर ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गौरी शंकर के अनुसार संतोष मजदूरी करने के लिए पिछले दिनों ही वृंदावन आया था।