मथुरा। पालिका के सफाई कर्मचारियों के 31 जुलाई से सफाई व्यवस्था में असहयोग आंदोलन के ऐलान के बाद पालिका उन्हें मनाने में जुट गई है। पालिका मंगलवार की वार्ता में आंदोलन स्थगित कराने के प्रयास करेगी। वहीं पालिका ने सफाई व्यवस्था में पांच दर्जन बैकलॉग कर्मचारी लगा दिए हैं।
उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ पालिका में बैकलॉग कर्मचारियों को मूल पद पर तैनात करने की मांग को लेकर आंदोलन की राह पर चल पड़ा है। बैकलॉग की मांग के साथ ही अंदरखाने यह भी मांग होने लगी है कि पर्यवेक्षक बने सफाई कर्मचारियों को भी मूल पद पर भेजा जाए। इन सभी स्थितियों को दरकिनार करते हुए पालिका प्रशासन ने संगठन की मांग पर अमल करना शुरू कर दिया है। इसके लिए पांच दर्जन बैकलॉग कर्मचारियों को सफाई और इससे जुडे़ गैराज से जोड़ दिया है।
अब बैकलॉग कर्मचारी कई वार्ड में सफाई कार्य को अंजाम दे रहे हैं। इस पहल के बाद पालिका अध्यक्ष मनीषा गुप्ता ने शहर को बेवजह होने वाली हड़ताल से बचाने के लिए आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संगठन से वार्ता की पहल की है। पालिका प्रशासन के साथ आंदोलनरत नेताओं के साथ मंगलवार को वार्ता होगी। इधर, सोमवार को एक कर्मचारी की आकस्मिक मौत के बाद कर्मचारियों ने होलीगेट पर प्रदर्शन और पुतला फूंकने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
----------------
कोशिश की जा रही है कि कर्मचारी सावन और रमजान के इस पवित्र महीने में कोई आंदोलन न करें। उनकी मांग पर अमल किया जा रहा है। पांच वार्डों में बैकलॉग कर्मचारी सफाई कार्य कर रहे हैं।
- मनीषा गुप्ता अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद मथुरा