मथुरा/वृंदावन। रविवार को मेघराज ने रवि यानी सूर्यदेव को छुट्टी पर भेज असमान पर कब्जा जमा लिया। इससे लोग चहक उठे और अपनी छुट्टी का मजा लेने में मस्त हो गए। वहीं शाम को हुई झमाझम बारिश ने तो छुट्टी के मजे को दोगुना ही कर दिया।
अपनी तपिश से लोगों को बेहाल किए सूर्यदेव के तेवर बीते तीन दिनों से थोड़े नर्म पड़े हैं। हवाओं और बादलों ने लोगों को थोड़ी राहत पहुंचाई है। रविवार को तो सुबह से ही सूर्यदेव पर मेघराज भारी पड़े। दिनभर छाए बादलों और बीच-बीच में फुहारों ने अवकाश के दिन लोगों को घरों से निकलकर मस्ती करने का पूरा मौका दिया। इससे जहां बाजार गुलजार रहे, वहीं यमुना किनारे और पार्कों में भी लोगों की अच्छी भीड़ देखी गई। लोगों ने छुट्टी का भरपूर आनंद लिया। वहीं शाम को झमाझम बारिश हुई। इससे शहर की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया लेकिन लोगों की मस्ती का क्रम जारी रहा। वहीं वृंदावन में शाम चार बजे से छह बजे तक मूसलाधार बारिश हुई।
राया शोध केंद्र प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 28 डिग्री के स्तर पर था। केंद्र पर 15 मिमी बरसात दर्ज की गई वहीं आर्र्दता 53 प्रतिशत मापी गई।
...................................................
बारिश से सड़कों पर गंदगी, फंसे वाहन
सायं की बारिश ने जहां लोगों को आनंदित कर दिया वहीं प्रशासन की पोल खोल दी। मथुरा के होलीगेट, छत्ता बाजार, स्वामी घाट, नया बस स्टैंड, भूतेश्वर आदि क्षेत्रों में जलभराव के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं इससे लगे जाम से मिनटों का रास्ता भी घंटों में तय किया गया। कुछ ऐसा ही आलम वृंदावन का रहा। बारिश से चारों तरफ सड़कों पर पानी ही पानी दिखा। सड़कों पर नालियों की गंदगी आ गई वहीं कई स्थानों पर दुपहिया और चौपहिया वाहन सड़कों पर हो रहे गड्ढाें में फंस गए। रतन छत्री, हरिनिकुंज, राधा निवास, गौरानगर कालोनी, मोतीझील, सीएफसी चौराहा, रंगजी मंदिर क्षेत्र, पत्थरपुरा, दाऊजी तिराहा आदि क्षेत्रों में पानी भर गया।