मथुरा। चार दिन पूर्व लखनऊ में हुए मूर्तिकांड के विरोध में बसपा समर्थकों द्वारा यमुनापार में किए पथराव व आगजनी के मामले में यमुनापार पुलिस की दबिश जारी हैं। कार्रवाई में पुलिस ने एक और युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की दहशत के चलते क्षेत्र के युवक घर छोड़कर भाग गए हैं।
गुरुवार सायं आठ बजे से रात्रि 11 बजे तक यमुनापार में डेढ़ किलोमीटर तक इलाके में बसपा समर्थक युवकों ने मथुरा-राया मार्ग पर जमकर पथराव किया था। इस दौरान आधा दर्जन वाहनों में आग लगाकर चार दर्जन वाहनों को तोड़ दिया था। आधा दर्जन पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में अब तक पांच रिपोर्ट दर्ज हो चुकी हैं। इसमें एक सैकड़ा से अधिक नामजद तथा 650 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट है। अब उपद्रवियों के इलाके में यमुनापार पुलिस आधा दर्जन थानों व पीएसी के साथ लगातार दबिश दे रही है। इसमें शनिवार को 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रविवार को एक व्यक्ति को पकड़ लिया और जेल भेज दिया। पुलिस की दबिश से इलाके के युवक घर छोड़कर भाग गए हैं। हालांकि अब बबाल ग्रस्त इलाके में हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। घरों की महिलाएं दैनिक कार्य निबटा रही है और रोजमर्रा की वस्तुएं खरीदने के लिए बाजार आदि खुले हुए हैं। ऐतिहात के तौर पर जगह जगह व नुक्कड़ों पर पुलिस की टुकड़ियां और पीएसी के जवान तैनात हैं।