मथुरा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित 10वीं के परिणाम में जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इस वर्ष 96 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे हैं, जो छात्रों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दर्शाता है। 30 केंद्रों पर 13 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। सफल हुए विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन का परिचय दिया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी परिणाम पर संतोष व्यक्त किया है। सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर शैलेंद्र सिंह ग्रेवाल ने बताया कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया गया था।
कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी की निगरानी में संपन्न हुई इस परीक्षा में मेधावी छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कई स्कूलों के परिणाम शत-प्रतिशत रहे हैं, जिससे शिक्षण संस्थानों में खुशी का माहौल है। यह परिणाम जिले की शैक्षिक गुणवत्ता को दर्शाते हैं। हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में सफलता के प्रतिशत में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पिछले वर्ष 98 फीसदी परिणाम रहा था, जबकि इस साल 96 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए हैं।
कम अंक वाले न हों निराश
सीबीएसई बोर्ड के परिणाम घोषित होने के बाद उन विद्यार्थियों के लिए एक राहत भरी खबर आई है, जो विद्यार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर ने बताया कि बोर्ड ऐसे विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक रिकॉर्ड में सुधार करने का एक और सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। वह आगामी 15 मई से आयोजित होने वाली सुधार परीक्षाओं में बैठकर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।