गोवर्धन। थाना क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी में शादी की तैयारियों के बीच चोरों ने बंद मकान में धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इंद्रा कॉलोनी निवासी गुड्डन ने बताया कि उनकी बेटी की शादी ईद के बाद तय है। घर में तैयारियां चल रही हैं, जिसके चलते घर में नकदी और जेवरात रखे थे। परिवार के लोग पास में स्थित गोदाम पर सो रहे थे। इसी बीच मंगलवार रात चोरों ने घर के पिछले हिस्से से दाखिल हो गए। सुबह जब परिजन लौटकर घर पहुंचे तो दरवाजों के ताले टूटे मिले। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित ने बताया कि चोर घर में रखे करीब नौ लाख रुपये नकद, लगभग दस तोला सोना और करीब 400 ग्राम चांदी के जेवरात ले गए। उधर, पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने दावा किया कि रात में दो संदिग्ध युवक घर के पास देखे गए थे। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।