मथुरा। भाजपा ने मिशन-2027 के जरिये सत्ता की हैटि्रक लगाने के लिए रोडमैप तैयार कर लिया है। दो दिवसीय योजना बैठक में 56 सदस्यीय टीम के महामंथन के बाद 6 संगठन मंत्रियों को दायित्व सौंप दिया है। इसके अलावा 80 लोकसभा सीटों पर 40 कोऑर्डिनेटर तैनात कर दिए हैं। यह संगठन मंत्रियों से पूरी रिपोर्ट लेकर केंद्रीय पदाधिकारियों को पहुंचाएंगे।
भाजपा ने आगामी विधान सभा चुनाव की रणनीति बनाने के लिए परखम के पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में सोमवार से दो दिवसीय योजना बैठक का आयोजन किया। भाजपा के थिंक टैंक ने चुनावी वैतरणी को पार लगाने के लिए उत्तर प्रदेश के छह प्रांत अवध, काशी, गोरखपुर (गोरक्ष), कानपुर-बुंदेलखंड, ब्रज और पश्चिम क्षेत्र के लिए 6 संगठन मंत्रियों को तैनात किया है।
इसके अलावा कोऑर्डिनेटर भी तैनात किए हैं, जो संगठन मंत्रियों से पूरी रिपोर्ट लेकर केंद्रीय पदाधिकारियों को पहुंचाएंगे। चुनाव को पूरी तरह से जीतने के लिए भाजपा कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है, इसलिए कोऑर्डिनेटर लोकसभा के हिसाब से तैनात किए गए हैं। दो लोकसभा पर एक कोऑर्डिनेटर तैनात होगा। इस हिसाब से कुल 80 लोकसभा सीटों पर 40 कोऑर्डिनेटर तैनात होंगे।