वृंदावन (मथुरा)। साइबर व सर्विलांस सैल और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को 4 गांजा तस्करों को वृंदावन के पानीघाट तिराहा से गिरफ्तार किया है।
इनके पास से 43 किलो गांजा और 76 हजार रुपये, तस्करी में प्रयोग की गई स्कूटी, बाइक एवं गांजा तौलने की इलेक्ट्रिक मशीन भी बरामद की है। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है।
वृंदावन में लंबे समय से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने एक संयुक्त टीम गठित की। टीम ने पानीघाट तिराहा से 4 गांजा तस्कर थाना गोविंद नगर क्षेत्र निवासी इरफान पुत्र अहमद, दुर्गापुरम कॉलोनी पानीघाट वृंदावन निवासी धर्मेंद्र शर्मा उर्फ धर्मा पुत्र गोपाल प्रसाद, गौरानगर काॅलोनी वृंदावन निवासी अरमान पुत्र अयूब खान एवं अनाज मंडी वृंदावन निवासी राकेश यादव पुत्र पूरन यादव को गिरफ्तार किया है।
इन गांजा तस्करों के कब्जे से टीम ने 43 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि गिरफ्तार चारों तस्कर लंबे समय से गांजा और शराब की तस्करी कर रहे थे। ये शातिर किस्म के गांजा तस्कर हैं। इन सभी पर पहले से मथुरा, आगरा में कई-कई मुकदमा दर्ज हैं। इन सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।