कोसीकलां (मथुरा)। मौसमी के बोरों के नीचे छिपाकर चंडीगढ़ (पंजाब) से लाई जा रही शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने पकड़ लिया। कंटेनर से 204 पेटी शराब बरामद हुई है। दो आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से गैंग के बारे में पूछताछ कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार को तस्करी की शराब से भरा कंटेनर हरियाणा के होडल की ओर से आने की मुखबिर से सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात ईदगाह तिराहा पर बैरियर लगाकर वाहन चेकिंग शुरू की। होडल की ओर से आते कंटेनर को रुकवाया, जिसमें चालक दल ने मौसमी के बोरा होने का हवाला दिया।
उन्होंने कंटेनर खुलवाकर देखा तो मौसमी के कट्टों के नीचे शराब भरी हुई थी। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
कंटेनर से पुलिस को गैर प्रांत की ब्लू स्ट्रोक ब्रांड की 204 पेटी बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने अपना नाम पंकज कुमार निवासी तलाकोट, थाना छप्पर, जिला यमुनानगर हरियाणा व मिथुन निवासी रेडिया का माजरा, थाना छप्पर, जिला यमुनानगर हरियाणा बताया।
प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवकों ने बताया कि वह शराब को चंडीगढ़ पंजाब से खरीदकर उत्तर प्रदेश पूर्वी हिस्सों में लेकर बेचने वाले थे। जिससे उन्हें अच्छा खासा मुनाफा होता। पकड़ी गई शराब की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।