मथुरा। रोड होल्डअप कर कर्नाटक के एक स्टील कारोबारी से 10 लाख रुपये से अधिक की नगदी लेकर फरार डकैत गिरोह के 4 सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जैंत थाने की पुलिस व एसओजी टीम से हुई मुठभेड़ में इनमें से दो के पैर में गोली लगी है। बुधवार को इन सभी को जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पुलिस लाइन में बताया कि हाईवे पर बिना नंबर की कार व उसमें हथियारबंद बदमाशों के होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने रामताल रोड से देवी आटस बंबा रोड पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं दो अन्य को सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया गया। कार से 4 तमंचे, 9 कारतूस, 10.35 लाख रुपये बरामद हुए।
आरोपियों की पहचान हीरानाथ निवासी भादोवास, बीकानेर, रवि उर्फ रविंद्र निवासी गोपाल नगर, हाईवे, मथुरा, लक्ष्मणनाथ निवासी बीनादेसर, चूरू, राजस्थान, राहुल निवासी कमई, बरसाना, मथुरा के तौर पर हुई। हीरानाथ और रवि के पैर में गोली लगी है। बरामद 10.35 लाख रुपये के संबंध में बताया कि रकम साथी धर्मेंद्र उर्फ कुल्ली निवासी मथुरा और अरुण उर्फ ईलू निवासी मथुरा व भगवान शाह निवासी अलवर, राजस्थान के साथ मिलकर कर्नाटक के बेलगांव के स्टील कारोबारी अमित से डकैती डालकर 30 जून को छीनी थी।
भगवान शाह को कर्नाटक पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। धर्मेंद्र उर्फ कुल्ली और अरुण उर्फ ईलू फरार है। एसएसपी के अनुसार, कर्नाटक पुलिस को इनकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई। बदमाशों को पकड़ने वाली एसओजी व थाना जैंत पुलिस की टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर जैंत अश्वनी कुमार, एसओजी प्रभारी राकेश कुमार, एसआई राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार, उदल सिंह, सुधीर कुमार, पंकज कुमार आदि शामिल रहे।