मथुरा। मुख्यमंत्री के पायलट प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जिले के 32 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इन विद्यालयों में बहुउद्देश्यीय हॉल, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, वाईफाई, रंग-रोगन, आधुनिक शौचालय, आरओ वॉटर मशीन और वॉटर कूलर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे ये स्कूल कान्वेंट स्कूल की सुविधाओं से लैस नजर आएंगे।
जनपद में कुल 36 राजकीय माध्यमिक विद्यालय हैं, जिनमें से प्रथम चरण में 32 विद्यालयों को शामिल किया गया है। चयनित विद्यालयों में एक-एक बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं 8 विद्यालयों में 18 लाख रुपये की लागत से 8 लाइब्रेरी बनाई जा रही हैं। वहीं 19 विद्यालयों में 4.50 लाख रुपये की लागत से पेयजल के लिए वॉटर कूलर लगाए जाएंगे। वहीं 19 विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से मिनी इनडोर स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत सभी कार्य आवास विकास परिषद के माध्यम से कराए जा रहे हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना पर सरकार द्वारा 18 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि व्यय की जा रही है।
प्रोजेक्ट अलंकार राजकीय विद्यालयों के लिए संजीवनी के तौर पर काम कर रहा है। इसके माध्यम से विद्यालयों का कायाकल्प कराया जा सकेगा। - रविंद्र सिंह, डीआईओएस