मथुरा। जोगेंद्र को आत्महत्या के प्रेरित करने वाले फरार तीन आरोपियों पर जल्द ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित हो सकता है। सुरीर पुलिस ने आरोपियों की रिपोर्ट बनाकर एसएसपी को सौंप दी है। शुक्रवार को सुरीर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने को दबिश दीं। फरार चल रहे तीनों आरोपियों के पुराने मामलों में जमानत खारिज कराने में सुरीर पुलिस जुट गई है।
28 अगस्त को सुरीरकलां निवासी जोगेंद्र और उसकी पत्नी चंद्रवती ने कोतवाली सुरीर में आत्मदाह की कोशिश की थी। गंभीर रूप से झुलसे जोगेंद्र की 31 अगस्त को दिल्ली के सफदरजंग में मौत हो गई थी। हालांकि अभी तक चंद्रवती जिंदगी और मौत से जूझ रही है। सुरीर पुलिस ने सत्यपाल और मोहनश्याम को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
फरार बबलू ठाकुर, शिम्मो और थान सिंह को पकडने के लिए सुरीर पुलिस लगातार दबिश दे रही है, पर तीनों हत्थे नहीं चढ़ सके। कोतवाली प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि 25-25 हजार रुपये फरार तीनों आरोपियों के खिलाफ इनाम घोषित किया जाएगा। इसकी रिपोर्ट एसएसपी शलभ माथुर को भेज दी गई है। पुराने मुकदमे में जमानत पर चल रहे तीनों की जमानत खारिज कराने की कार्रवाई की जा रही है।