मथुरा। डीएलएड की द्वितीय चरण में चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा-2026 मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। तीन अलग-अलग पालियों में आयोजित की गई परीक्षा में 226 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्रथम पाली में विज्ञान की परीक्षा सुबह 10:00 से 11:00 बजे तक हुई, जिसमें विभिन्न बैचों (2018 से 2023) के कुल पंजीकृत 3185 अभ्यर्थियों में से 3109 उपस्थित रहे जबकि 76 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। द्वितीय पाली में गणित की परीक्षा सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक हुई, जिसमें सबसे अधिक कुल 3301 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें से 3221 ने परीक्षा दी और 80 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दोपहर 02:00 से शाम 04:00 बजे तक तृतीय पाली में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा हुई। इसमें कुल पंजीकृत 3178 अभ्यर्थियों में से 3108 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 70 अनुपस्थित रहे। सभी पालियों में साल 2023 बैच के परीक्षार्थियों की संख्या सर्वाधिक (प्रत्येक पाली में 3029 पंजीकृत) रही।