मथुरा। स्कूल में अनुपस्थित रहने वाले 211 शिक्षक, कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित लोगों की सूची में शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षामित्र और कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा 24 ऐसे विद्यालयों पर भी कार्रवाई की गई है, जहां ताला लगा मिला था।
प्रेरणा एप के माध्यम से हर महीने शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों की उपस्थिति की सूचना दी जाती है। इस बार तीन महीने के बाद सूची जारी हुई है। 211 शिक्षक, कर्मचारियों की इस सूची में 21 जुलाई से 20 सितंबर तक अनुपस्थित रहने वालों के नाम हैं। बीएसए रतन कीर्ति का कहना है कि अनुपस्थित रहने वालों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक और कर्मचारियों की सूची भी तैयार की जा रही है। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।