मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र स्थित राधेश्याम कॉलोनी में पुलिस ने एक मकान से 193 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। पुलिस को देख मकान स्वामी पीछे के दरवाजे से भागने में सफल रहा। चौकी प्रभारी की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की सुबह गोविंद नगर थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सिंह को सूचना मिली कि राधेश्याम कॉलोनी स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में मांस रखा है, जो कि सप्लाई के लिए जाने वाला है। वह बिलड़ा मंदिर चौकी प्रभारी के साथ राधेश्याम कॉलोनी पहुंच गए। मुखबिर ने दूर से घर दिखाया और चला गया। पुलिस घर के अंदर जैसे ही घुसी, मकान स्वामी को इसकी भनक लग गई और पीछे के दरवाजे से भाग गया।
पुलिस ने मकान के अंदर से 8 कट्टों में 193 किलोग्राम मांस बरामद किया है। चौकी प्रभारी की तहरीर पर अफजाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मांस किस जानवर का है इसकी जांच के लिए सैंपल लैब भेजा है। सीओ सिटी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि अफजाल मांस को कोसीकलां से लेकर आया था और उसे किसी शादी में होने वाली दावत में सप्लाई करना था। वह सप्लाई करता इससे पहले ही पुलिस को जानकारी हो गई।