शनिवार से रविवार तक 24 घंटे में भारी बरसात ने शहर को करोड़ों रुपये की चपत लगा दी। जगह-जगह जलभराव, धंसी सड़कों से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घरों, दुकानों और गोदामों में पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ। मंडी समिति में ही दो सौ से अधिक दुकानों में पानी घुस जाने से करीब पांच करोड़ के नुकसान का अनुमान है। राजकीय संग्रहालय में गांधार गैलरी की छत गिर गई।
कृषि विभाग के अनुसार 24 घंटों में 190 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई है जो बीते एक दशक की रिकॉर्ड बरसात है। इस बरसात ने शहर की तस्वीर बदलकर रख दी। अतिव्यस्त नया बसस्टैंड, पुराना बसस्टैंड, बीएसए कालेज रोड, होलीगेट, छत्ता बाजार, स्वामी घाट, चौक बाजार, महोली रोड, कृष्णा नगर, राधानगर, डैंपियर नगर, जंक्शन रोड सहित शहर के अधिकांश मार्ग पानी में डूब गए।
सैकड़ों मकानों में घुसा पानी, लाखों का नुकसान
शहर की सौ से अधिक कालोनियां इस बरसात में जलमग्न हो गई। महोली रोड की तीन दर्जन कालोनियों में घरों के बेडरूम तक पानी पहुंच गया। राधिका बिहार, ज्योति नगर, रुक्मणि बिहार, द्वारिकापुरी, ब्रजनगर, गुरुनानकर नगर, नटवर नगर, मोतीकुंज, चंद्रपुरी, हनुमान नगर, चंदनवन सहित हाईवे की दर्जनों कालोनियाें के घरों में रखे बिजली उपकरण, फर्नीचर आदि पानी में डूब गए।
नौहरे की दीवार गिरी, महिला की मौत
शनिवार शाम छह बजे गणेशरा निवासी पुष्पा देवी (40) की तेज बरसात से नौहरे की दीवार गिरने से मौत हो गई। अमर कालोनी में निरोत्तम की दीवार ढहने से 50 से अधिक भेड़ें और बकरियां मर गईं।
समस्या समाधान के लिए खुला कंट्रोल रूम
तेज बरसात के बाद शहर में जगह-जगह हुए जलभराव, बिजली की समस्याओं के निराकरण के लिए कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम के नंबर 9760068823 पर कोई भी नागरिक कॉल कर सकता है। यहां दो टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में बिजली, सिविल डिफेंस, नगर पालिका, पुलिस, वन विभाग के लोगों को लगाया गया है। कंट्रोल रूम की कमान एडीएम वित्त एवं राजस्व रविंद्र कुमार ने संभाल रखी है।
बरसात से गिरा पारा, मिली राहत
शुक्रवार रात से लगातार हो रही बरसात के चलते जनपदवासियों को गर्मी से राहत मिली है। रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।