मथुरा। टैंटीगांव में किराना व्यवसायी के घर में बृहस्पवितार की रात को लाखों की डकैती के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। टीमों की संख्या 10 से बढ़ाकर 17 कर दी है, लेकिन अभी तक पुलिस कुछ धुंधले सुरागों के सहारे ही खुलासा करने में लगी हुई है। पुलिस टीमों ने तीसरे दिन भी सीसीटीवी कैमरे खंगालने जारी रखे। एसएसपी श्लोक कुमार ने सुरीर पहुंचकर प्रगति की समीक्षा की।
सुरीर के कस्बे टैंटीगांव में बृहस्पतिवार की रात को आधा दर्जन बदमाशों ने किराना व्यवसायी अजय अग्रवाल के घर में लोहे का जाल हटाकर प्रवेश करने के बाद दो घंटे तक लूटपाट की थी। बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाकर लाखों के जेवरात और नकदी लूटी थी। इस दुस्साहसिक वारदात से कस्बे में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद पुलिस टीमों ने जांच पड़ताल शुरू की, लेकिन अभी तक पुलिस के पास कोई ठोस इनपुट नहीं है। हालांकि पुलिस कुछ सुराग मिलने का दावा कर रही है। एसपीआरए सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। टीमों की संख्या 17 कर दी गई है। अब कई टीमें आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं। कुछ संदिग्ध भी हिरासत में लिए गए हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर आसपास के 125 सीसीटीवी कैमरे स्कैन कर लिए हैं। टोल प्लाजा के कैमरों को भी चेक किया गया है। पीड़ित परिवार के मोबाइलों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस दुस्साहसिक वारदात करने वालों को जल्द ही सबक सिखाएगी। एसएसपी श्लोक कुमार ने रविवार रात को सुरीर पहुंचकर जांच टीमों के साथ बैठक करके प्रगति की समीक्षा की।
दहशत से नहीं उबरा परिवार, उड़ गई नींद
डकैती की घटना के बाद से पीड़ित अग्रवाल परिवार दहशत से नहीं उबर सका है। बच्ची अभी तक गुमसुम सी बनी हुई है। वह घर से बाहर बच्चों के साथ भी नहीं खेल रही है। वहीं कई दिन बाद पीड़ित ने अपनी किराने की दुकान खोल ली, लेकिन वह जल्दी ही दुकान बंद करके घर पहुंच रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना वाली रात से नींद आना मुश्किल हो गया है। रात में डर सताता है कि कहीं बदमाश नहीं आ धमके। बुजुर्ग पिता और व्यापारी की पत्नी भी सामान्य नहीं हो सके हैं।