ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सोमवार को पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में एक गुल्लक खोली गईं। इसमें 17,45,170 रुपये की धनराशि निकली है। द्वारिकाधीश मंदिर की गुल्लक से 59,000 रुपये निकले हैं। सीसीटीवी कैमरों के साथ पुलिस की निगरानी में रविवार दोपहर लगभग पौने 2 बजे बांकेबिहारी मंदिर की गुल्लक खोले जाने का कार्य शुरू हुआ।
गुल्लक नंबर एक को खोलकर रकम गिनी गई। मंदिर प्रबंधन के 45 कर्मचारियों ने गुल्लक में निकले नोटों और सिक्कों की गिनती का कार्य शुरू किया। इन नोटों और सिक्कों की सुपुर्दगी के लिए केनरा बैंक के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।
मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया कि गुल्लक से एक हजार के 205 नोट, पांच सौ के 1,300 नोट मिले हैं। गुल्लक में नेपाली मुद्रा भी निकली है। इसके अलावा सोने, चांदी के आभूषण, राखी भी मिली है। इस दौरान मंदिर प्रशासक प्रबंधक उमेश सारस्वत, हरिबाबू गौतम, गोविंद शर्मा, मोहनलाल गौतम आदि उपस्थित रहे
गुल्लक में मिले आधार कार्ड, पेन कार्ड
ठाकुर बांकेबिहारी महाराज की गुल्लकों से सोने, चांदी के आभूषण के अलावा पेनकार्ड, आधार कार्ड भी प्राप्त हुए हैं। गुल्लकों से निकल रहे 2005 से पूर्व के 500 के नोटों को बैंकों ने स्वीकार करने से मना कर दिया है। ऐसे कई नोट मंदिर की गुल्लकों से निकले हैं। मंदिर प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि उनके सामने इससे एक बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।
इस्कॉन ने जमा कराए सवा दो लाख रुपये
रमणरेती मार्ग स्थित कृष्ण बलराम इस्कॉन मंदिर प्रबंध तंत्र की ओर से सोमवार को 2,25,000 रुपये जमा कराए गए। ये जानकारी मंदिर पीआरओ रवि लोचन ने दी।