चौमुहां। थाना क्षेत्र के गांव देवी आटस में एक घर के पास खाली प्लॉट में करीब 15 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। विशालकाय अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ बच्चे घर के पास खाली प्लॉट के नजदीक से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर वहां छिपे बैठे विशाल अजगर पर पड़ी। उसे देखते ही बच्चे डर गए और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी परिजनों और आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद करीब 15 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम अजगर को आबादी से दूर जंगल में ले गई और सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। अजगर के रेस्क्यू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।