वृंदावन। गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत सोमवार को वृंदावन स्थित श्रीराम सेवा आश्रम में मथुरा जनपद की सभी तहसीलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अभियान के नंद बाबा गोपेश बाबा ने की जबकि श्री कृष्ण जन्मभूमि के अध्यक्ष एवं अभियान के मथुरा जिला प्रभारी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में अभियान की वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी चरण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी तहसीलों से आए कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे जनसंपर्क, गो संरक्षण एवं गो सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। पूज्य गोपेश बाबा ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्राम्य जीवन की आधारशिला हैं। बैठक के दौरान विभिन्न तहसीलों द्वारा कराए गए हस्ताक्षरों का विवरण प्रस्तुत किया गया। गणना के अनुसार मथुरा में अब तक 12 लाख से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराए जा चुके हैं।
गोवर्धन क्षेत्र ने सर्वाधिक 3.5 लाख, बरसाना ने 4 लाख तथा वृंदावन ने 3.15 लाख हस्ताक्षर कराए। वहीं, गोवर्धन की टीम ने एक ही रात में 60 हजार हस्ताक्षर कराकर राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड स्थापित किया। संतों ने मथुरा जनपद के लिए 27 जुलाई से पूर्व एक करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया। जिला प्रभारी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि गो सम्मान आह्वान अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का माध्यम बनेगा। बैठक में श्रीराम सेवा आश्रम के महंत नवल किशोर दास महाराज, वृंदावन से भरत गौतम, डॉ. गोविंद सिंह, डॉ. पंकज सिंह, गोवर्धन से श्रेयस हिंदू, धीरज कौशिक, मथुरा से सोनू ठाकुर, महावन से डॉ. विकास धनगढ़, विपिन आदि मौजूद रहे।