जून की भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों का हाल बेहाल है। विगत दिनों में लखनऊ कंट्रोल और लोकल फॉल्ट के चलते शहर में 12 घंटे तक बिजली गुल रहती है। रात की कटौती से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पाती। बिजली कटौती ने पेयजल संकट भी गहरा गया है।
लखनऊ कंट्रोल से शहर में सुबह और रात में घंटों की कटौती हो रही है। सोमवार की रात भी 12 बजे से तड़के चार बजे तक बिजली कटौती की गई। इसके साथ ही प्रतिदिन शहर के क्षेत्रों में कम से कम चार घंटे की विद्युत कटौती की जा रही है। लोकल फॉल्ट के नाम पर होने वाली कटौती अलग से है। शहर मेें 24 घंटे में से मात्र 12 से 14 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
हालांकि विद्युत अधिकारी शहर में मात्र चार घंटे ही विद्युत कटौती की बात स्वीकारते हैं। उनका कहना है कि गर्मी के चलते लोकल फॉल्ट अधिक होते हैं। इन्हें सही कराने के लिए ब्रेक डाउन लेना पड़ता है और इसके चलते बिजली गुल रहती है। लखनऊ कंट्रोल से कटौती भी रोज नहीं की जाती है।
नींद पूरी न होने से परेशान
लखनऊ कंट्रोल से होने वाली कटौती प्राय: रात में ही की जा रही है। रविवार की रात में भी 12 बजे से तड़के चार बजे तक समूचे शहर की बिजली गुल रही। भीषण गर्मी में कूलर-पंखे बंद होने के चलते लोग रात में सो नहीं सके। नींद पूरी न होने से दिनभर परेशान रहे।
इनवर्टर-जेनरेटर की फूल रही सांसें
लगातार बिजली गुल रहने के चलते इनवर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में परेशानी और बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि लगातार चलने से जेनरेटरों का भी दम फूल रहा है।
अंधाधुंध कटौती से भड़क रहा गुस्सा
अंधाधुंध बिजली कटौती के खिलाफ लोगों में काफी गुस्सा है। बिजलीघरों पर रोज ही प्रदर्शन और हंगामा किया जा रहा है। दो दिन पहले शहर में कई जगह जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया। बालाजीपुरम् निवासी योगेंद्र पाल कहते हैं कि रात में बिजली न होने से सो नहीं पाते हैं। फिर दिन में नींद आने के चलते ऑफिस में काम करने में परेशानी होती है। जनरलगंज निवासी घनश्याम अग्रवाल का कहना है कि सरकार लगातार प्रदेश में विकास कराने का दावा कर रही है। जबकि देहात तो छोड़िए शहर में भी लगातार 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है।
बिजली कटौती शेड्यूल
26 जून- सुबह आठ से दस बजे, दोपहर दो से पांच बजे, छह से सात बजे, रात 12 बजे से चार बजे तक बिजली गुल रही।
27 जून- सुबह आठ बजे से दस बजे, दोपहर दो से पांच बजे, शाम सात से आठ बजे तक बिजली गुल रही। रात में भी कटौती हुई।
28 जून- सुबह सात से दस बजे, दोपहर दो से पांच बजे, शाम छह से 6:30 बजे तक बिजली गुल रही। रात में भी कटौती हुई।
पानी का संकट भी गहराया
विद्युत आपूर्ति में लगातार हो रही कटौती के चलते शहर में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है। बिना बिजली के सबमर्सिबल और मोटर शोपीस बनकर रह जाती हैं। सुबह और दोपहर में बिजली गुल रहने के चलते लोग पानी नहीं भर पा रहे हैं। वहीं नगर पालिका की ओर से संचालित नलकूप भी पानी की सप्लाई नहीं कर पा रहे हैं।
शहर में 20 से 21 घंटे की विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। कभी-कभी लखनऊ कंट्रोल से अचानक विद्युत कटौती कर दी जाती है। इस संबंध में चीफ कंट्रोलर से बात हुई हैं। अब संभवत: लखनऊ से होने वाली विद्युत कटौती में कमी आएगी।
- प्रदीप मित्तल, अधीक्षण अभियंता