मथुरा। प्रदेश सरकार के जीरो पॉवर्टी योजना के तहत जिले में 11 हजार से अधिक अति निर्धन परिवारों को चिन्हित किया गया है। इन परिवारों को आवास के साथ-साथ कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों का दावा है कि परिवार के एक सदस्य को रोजगार भी दिया जाएगा। चिह्नित परिवारों को अब विभागवार सूचीबद्ध किया जा रहा है।
दरअसल, सरकार की मंशा प्रदेश को गरीबीमुक्त करने की है। इसी उद्देश्य से जीरो पॉवर्टी योजना की शुरुआत की गई है। जिले में दो चरणों के सर्वे के बाद ऐसे 11,799 परिवारों को चिह्नित किया गया है, जिनके पास न रहने के लिए पक्का घर है और न ही दो जून रोटी का इंतजाम। पूरा ब्योरा मॉप एप पर अपलोड करने के बाद सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए चुना जाएगा। इन परिवारों को किन योजनाओं से लाभान्वित करने की जरूरत है, अब इसकी विभागवार सूची बनाई जा रही है। मानक के अनुसार इन परिवारों को रोजगार के साधन भी मुहैया कराने की मंशा है।
इन योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित
आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा और वृद्धा पेंशन से भी लाभान्वित किया जाएगा। कुल चिह्नित 11,799 परिवारों का सत्यापन करके पात्र खोजे जाएंगे। इसके बाद इन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
प्रत्येक ग्राम पंचायत से 25 परिवार होंगे लाभान्वित
सरकार ने योजना के तहत जिले को 12375 लक्ष्य आवंटित किया है। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए 25 अति निर्धन परिवारों को लाभान्वित करने की मंशा है। ऐसे में 12,375 सापेक्ष 11,799 परिवारों को ही चिन्हित किया गया है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें लाभ मिलेगा।
वर्जन
जीरो पॉवर्टी योजना की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जिले में 11,799 अति निर्धन परिवार को चिन्हित किया गया है। परिवारों को विभागवार लाभ देने के लिए सूचीबद्ध किया जा रहा है। मानक के अनुसार पात्रों का सत्यापन होने के बाद लाभ मिलेगा।
-
गरिमा खरे, जिला विकास अधिकारी