इकतरफा प्रेम में सिरफिरे आशिक ने घर में घुसकर छात्रा की गला घोंटकर जान लेने की कोशिश की। जब छात्रा के मुंह से झाग निकलने लगा तो वह उसे मृत समझकर वहां से फरार हो गया। गंभीर हालत में छात्रा को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। छात्रा के भाई ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। घटना उत्तर प्रदेश के मेरठ की है।
मेरठ के अजंता कालोनी निवासी रामेश्वरी देवी के पति बिजेंद्र सिंह की 2010 में एक हादसे में मौत हो गई। तब रामेश्वरी गाजियाबाद के मोहल्ला शिब्बनपुरा में ही रहती थीं, लेकिन पति की मृत्यु के बाद वह अजंता कालोनी में आ गई। यहां वह अपनी बेटी मीनू उर्फ भानुप्रिया और बेटे हितेंद्र के साथ रहती हैं। बेटी मीनू आरजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है।
बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे रामेश्वरी दूध लेने गई थी और बेटा हितेश बाजार से कुछ सामान खरीदने गया था। मीनू घर पर अकेली थी, तभी गाजियाबाद निवासी मनोज वहां आ धमका। घर में घुसकर उसने मीनू को पकड़ लिया और चुनरी से उसका गला घोंट दिया। जब मीनू के मुंह से झाग निकलने लगा तो आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ। इसी बीच मीनू की मां ने आरोपी मनोज व उसके एक साथी को घर से भागते हुए देखा।
रामेश्वरी देवी के चीखने चिल्लाने पर मोहल्ले वाले इकट्ठा हो गए, उन्होंने मीनू को तत्काल लोकप्रिय अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार तड़के होश आने पर पीड़िता ने बताया कि मनोज उससे कह रहा था कि तुम मुझे शादी नहीं करेगी, तो जान से मार दूंगा। पूर्व में जब वह गाजियाबाद में रहती थी, तब भी मनोज अक्सर उससे छेड़छाड़ करता था।