फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घंटों बैठक के बाद भी नतीजा रहा सिफर

Wed, 27 Jul 2016 10:35 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, मैनपुरी
विज्ञापन
धरना - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
पुलिस प्रशासन तमाम प्रयासों के बाद भी बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र संचालिकाओं का धरना-प्रदर्शन समाप्त नहीं करा पाया। इस दौरान सुबह से लेकर देर शाम तक कलक्ट्रेट परिसर छावनी बना रहा। सुबह से लेकर दोपहर तक कई दौर की वार्ता के बाद भी नतीजा सिफर ही रहा। डीएम ने जहां वार्ता के दौरान कार्यकत्रियों को लखनऊ जाने के लिए कहा। वहीं उन्होंने जवाब दिया कि लखनऊ में मांगें माने जाने तक प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा। इसे लेकर पूरे दिन तनाव की स्थिति रही।
विज्ञापन

उल्लेखनीय है कार्यकत्रियों का पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 11 जुलाई से धरना चल रहा है। यह धरना उनके संगठन की बेवर ब्लाक के भटपुरा में हुई बैठक के दौरान प्रधान पति के अभद्रता करने के बाद शुरू हुआ था। कार्यकत्रियों की मांग है कि उक्त प्रधान पति के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही लगभग पांच मांगें और हैं। अधिकारियों का कहना है कि उक्त मांगे शासन स्तर पर ही पूरी हो सकती हैं। उनका जिला स्तर से कोई लेना देना नहीं है। इसके बाद भी कार्यकत्रियां पिछले 17 दिन से धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। इसके चलते अधिकारी भी दबाव में हैं।

 बुधवार को सुबह से ही कलक्ट्रेट परिसर छावनी बना रहा। कई थानों की फोर्स के अलावा मौके पर पीएसी और बड़ी संख्या में महिला पुलिस व महिला कांस्टेबल बुला ली गईं। यह देख कार्यकत्रियां आक्रोशित हो गईं। पहले एसपी देवरंजन और एएसपी दिगंबर कुशवाह के साथ जिलाध्यक्ष सरिता शाक्य एवं अन्य की बैठक हुई। काफी समझाने के बाद भी जब वे धरना समाप्त करने को राजी नहीं हुईं तो उन्होंने डीएम और एडीएम को इसकी जानकारी दी। 
विज्ञापन

इसके बाद दोपहर में डीएम पीसी गुप्ता और एडीएम राकेश कुमार मालपाणी की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष सरिता शाक्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। लगभग एक घंटे तक चली बैठक में डीएम ने कहा कि उनकी मांगें शासन स्तर से ही पूरी हो सकती हैं। इसलिए तीन लोग वहीं जाकर मुलाकात करें। इस पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि वे लखनऊ जाने के लिए तैयार हैं लेकिन उनके लौटने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। काफी समझाने के बाद भी जब वे धरना समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हुई तो डीएम ने उन्हें जाने के लिए कह दिया।

बीएलओ ड्यूटी जमा करने का निर्णय
मैनपुरी। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकत्रियों ने निर्णय लिया कि 29 जुलाई को दोपहर एक बजे समस्त कार्यकत्रियां बीएलओ ड्यूटी को सामूहिक रूप से जिलाधिकारी कार्यालय में जमा करेंगी। जिलाध्यक्ष सरिता शाक्य ने कहा कि सभी कार्यकत्रियां निर्धारित तिथि पर बीएलओ के बस्ते साथ लेकर आएं। इस मौके पर विमलेश चौहान, सुषमा, रिचा, मीरा यादव, कलेश, ऊषा राजपूत आदि मौजूद रहे। 
प्रधान केंद्र से जबरन उठा ले गया पोषाहार
मैनपुरी। बुधवार को ब्लाक घिरोर के गांव अटा हरैना की कार्यकत्री सुनीता कठेरिया ने लिखित शिकायती पत्र जिलाधिकारी और एसपी को दिया। इसमें कहा कि ग्राम प्रधान सुधीर यादव 26 जुलाई को उनके आंगनबाड़ी केंद्र से जबरन चार पोषाहार बैग चोरी कर ले गया। पुलिस ने प्रार्थना पत्र पर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें