परिजनों का आरोप है कि घर से ठेकेदार युवक को अपने साथ ले गया था। मगर काम न लगने पर उसने युवक को घर छोड़ने की बजाय रास्ते में ही छोड़ दिया। रास्ते में युवक अपने दोस्तों के साथ बेवर नहर ब्रांच में नहाने गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
मैनपुरी के कुरावली में घर से ठेकेदार के साथ मजदूरी करने की बात कह कर निकला युवक काम न लगने पर दोस्तों के साथ नहर में नहाने चला गया। अधिक गहराई में चले जाने की वजह से उसकी डूब कर मौत हो गई। परिजन ने आरोप लगाया कि हादसा ठेकेदार की लापरवाही की वजह से हुआ है। स्थानीय पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी में रखवाया है।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव गहियरपुर निवासी राम प्रकाश का 18 वर्षीय पुत्र पवन कुमार मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार की सुबह गांव सरैया का रहने वाला ठेकेदार पवन को मजदूरी के लिए साथ लेकर गया था। करीब 10 बजे परिजन को सूचना मिली कि पवन बेवर नहर ब्रांच में डूब गया है। आनन फानन परिजन मौके पर पहुंचे, स्थानीय पुलिस भी मौके पर आ गई।
कुछ देर तलाश के बाद पवन का शव मिल गया। मृतक के भाई अरविंद ने बताया कि घर से ठेकेदार भाई को अपने साथ ले गया था, मगर काम न लगने पर उसने भाई को घर छोड़ने की बजाय रास्ते में ही छोड़ दिया। रास्ते में भाई अपने दोस्तों के साथ बेवर नहर ब्रांच में नहाने गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। ठेकेदार भाई को घर पर छोड़ता तो हादसा नहीं होता। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर व रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
पवन की मौत के बाद घर में छाया मातम
नहर में डूबने की वजह से 18 साल के पवन की मौत हो गई। उसके नहर में डूबने की सूचना परिजन को साथ नहा रहे साथियों ने दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। मगर, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पवन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।