औंछा। थाना क्षेत्र में बुधवार रात जगतपुर तिराहे के पास किसी वाहन की चपेट में आकर 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक चला रहा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
गांव जगतपुर में बुधवार शाम को धार्मिक आयोजन चल रहा था। साउंड में कुछ खराबी आने की वजह 18 वर्षीय मोहित कुमार साउंड का काम करने वाले मुकीम निवासी कोसमा मुसलमीन घिरोर के साथ मधन गया था। देर रात करीब 12:10 बजे को बाइक से गांव जगतपुर वापस आ रहे थे। जगतपुर तिराहे के पास मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया।
हादसे में मोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, बाइक चला रहा मुकीम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मुकीम को जिला अस्पताल भिजवाया। शव को मोर्चरी भेजा, मृतक के परिजन के आने के बाद बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।
-
पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था मोहित
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के परिजन ने बताया कि मोहित पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसने इस वर्ष इंटर की परीक्षा पास की थी। हादसे में मोहित की असमय मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम छाया है।