फोटो38 ट्रांसमीशन टावर पर चढ़ा युवक। संवाद
बिछवां। शादीशुदा प्रेमिका से शादी की जिद पूरी करने के लिए बृहस्पतिवार को गांव बीलों निवासी युवक ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला, दोस्त के समझाने पर युवक जब नीचे उतरा तो पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले गई।
थाना क्षेत्र के गांव बीलों का रहने वाला अंशुल बृहस्पतिवार को गांव स्थित खेत में लगे ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। जब परिजन व ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो वह लोग खेत में पहुंचे। युवक से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था, फोन पर लगातार किसी से बात कर रहा था। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने भी उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, मगर वह नहीं माना। वह कहने लगा कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करेगा, उसकी प्रेमिका विवाहित है। कुछ देर बाद वह एक दोस्त की मौत के गम में टावर पर चढ़ने की बात कहने लगा। युवक ने पुलिस को वहां से हटाने के लिए कहा तो पुलिसकर्मी चले गए। इसके बाद एक दोस्त ने उसे समझा कर उतारा। युवक के नीचे उतरते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। युवक की मां और भाई ने बताया कि अंशुल बाहर रहता है, वह हाल में गांव आया और टावर पर चढ़ गया।