फोटो 14 अंकुर गुप्ता का फाइल फोटो
बेवर। इटावा रोड में बुधवार को पिज्जा की दुकान पर ओवन ठीक करते समय युवक करंट की चपेट में आ गया, जब तक परिजन को जानकारी हुई। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। भाईदूज के दिन हुई घटना के बाद घर में चीख पुकार मच गई। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
महेंद्र प्रताप का पुत्र अंकुर गुप्ता(34) अपनी पिज्जा की दुकान पर अकेला था। दुकान का ओवन खराब हो गया था, अंकुर ओवन सही कर रहा था। इस दौरान वह करंट की चपेट में आकर अचेत हो गया और दुकान के अंदर गिर गया। दुकान पर अकेला होने की वजह से काफी देर तक परिजन को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
काफी देर तक पिता महेंद्र गुप्ता अंकुर को फोन करते रहे। कॉल रिसीव नहीं होने पर छोटा भाई अंकित दुकान पर पहुंचा, भाई को अचेत पड़ा देख उसके होश उड़ गए। वह भाई को पास ही चिकित्सक के यहां ले गया। चिकित्सक ने जांच के बाद अंकुर को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बिखर गए गृहस्थी के सपने, बहन की आंखों से बहे आंसू
अंकुर की मौत की खबर सुन पत्नी शिवानी और अन्य परिजन रोने बिलखने लगे। अंकुर की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी दो वर्ष की पुत्री अंशी है। कम उम्र में उजड़े परिवार को देखकर हर किसी की आंखें नम हैं। खास तौर पर भाई दूज के पावन पर्व पर भाई को तिलक करने मायके आई बहन दिव्या की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। त्योहार के दिन हुए इस हादसे के बाद घर में मातम छा गया है।