थाना क्षेत्र में रविवार सुबह लिंटर के लिए शटरिंग लगाते समय मजदूर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए पीजीआई सैफई ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
गांव मोहनपुर निवासी सत्यवीर सिंह (25) शटरिंग लगाने का काम करता था। रविवार को वह करहल-मैनपुरी मुख्य मार्ग स्थित बुझिया पुल के पास बन रहे एक मकान में लिंटर के लिए शटरिंग लगाने गया था। दोपहर के वक्त वह छत पर चढ़कर शटरिंग के पटरों को व्यवस्थित कर रहा था। इस दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह जमीन पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूर व लोगों ने सत्यवीर को उठाया और इलाज के लिए पीजीआई सैफई ले गए। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद सत्यवीर का शव गांव पहुंचा तो परिजन में चीख पुकार मच गई। परिजन ने बताया कि सत्यवीर अविवाहित था और अपने परिवार का सहारा था।