अटेवा पेंशन बचाओ मंच के तत्वावधान में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर क्रिश्चियन इंटर कालेज मैनपुरी के प्रांगण में नवीन अंशदायी पेंशन योजना के विरोध में काली पट्टी बांधकर शिक्षकों, कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया।
उल्लेखनीय है कि आज के दिन ही 2005 में उप्र सरकार ने काला कानून पारित कर शिक्षकों, कर्मचारियों से पुरानी पेंशन व्यवस्था छीनकर उन पर नवीन अंशदायी पेंशन व्यवस्था थोप दी थी। जिला संयोजक जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस दोहरी गैर संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। जनपद के सभी शिक्षकों कर्मचारियों द्वारा अपने कार्य स्थलों पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया। विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों में भी अटेवा के सदस्यों ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हाथ पर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया।
जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं सनातन धर्म इंटर कालेज, जैन इंटर कालेज करहल, डीएवी अलीपुर, नेशनल इंटर कालेज भोगांव, बीआरसी सुल्तानगंज, बीआरसी बेवर, बरनाहल न्यायपंचायत टिंडौली, कीरतपुर आदि केंद्रों पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया गया।
प्रदर्शन में संरक्षक आराध्य पांडेय, सह संयोजक सुनील कुमार सिंह, जिला महामंत्री शशिकांत, जिलामंत्री मोहित जैन, योगेश सिंह, धर्म सिंह भदौरिया, कन्हैयालाल, मयंक यादव, योगेंद्र सिंह राठौर, योगेंद्र सिंह पाल, राजीव कुमार, अभय प्रताप सिंह, धीरेंद्र कुमार, कमल पांडेय, कृष्ण कुमार, राजेश शर्मा, रवि लाल, मनोज कुमार वर्मा, आसित शाह आदि मौजूद रहे।