अधिकारी को मांग पत्र साैंपती महिलाएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी के बेवर के गांव खांकेताल में दो नए शराब के ठेका की स्वीकृति के बाद महिलाओं में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार को महिलाएं सड़क पर उतर आईं। जीटी रोड हाईवे पर 40 मिनट जाम लगाकर प्रदर्शन कर महिलाओं ने ठेका निरस्त कराने की मांग रखी। मौके पर सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा, प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह के काफी समझाने बुझाने व कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुल सका। इसके बाद पुलिस ने मार्ग का आवागमन सुचारू कराया।
दो दिन पहले ही गांव खांकेताल की रहने वाली महिलाओं ने जिला मुख्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी अंजनी कुमार को प्रार्थना पत्र देकर गांव में बियर और अंग्रेजी शराब का ठेका खोले जाने का विरोध किया था। डीएम से ठेके को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की थी।
जाम लगाने वाली महिलाओं ने कहा कि गांव में पहले से ही एक देसी शराब का ठेका है। वहां अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। महिलाओं, छात्राओं का मार्ग से गुजरना दुश्वार होता है। अब बियर और अंग्रेजी शराब के ठेके को भी मंजूरी दे दी गई है।
एक अप्रैल से यहां ठेके का संचालन शुरू हो जाएगा। ऐसा न होने दें। सीओ ने महिलाओं को गांव से दूर ठेका खोले जाने की बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस पर महिलाओं ने जाम खोला और आवागमन सुचारू हो सका। प्रदर्शन करने वालों में जल देवी, सुमन देवी, प्रभा देवी, लता देवी, सोनी, ममता देवी, सुशीला देवी, कुसुम देवी, विमला, निर्मला, अनार देवी, नेहा देवी, कांति देवी, सविता आदि मौजूद रहीं।