मैनपुरी। कम समय में दोगुना या उससे भी अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर शहर की रहने वाली एक महिला से 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत के बाद सक्रिय हुई साइबर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को महिला को खाते से निकाली गई धनराशि वापस कराई।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली शालिनी वर्मा ने कुछ दिन पहले 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि उनके मोबाइल पर किसी व्यक्ति ने फोन किया बातचीत करते हुए उन्हें रुपया इंवेस्ट करने की बात कही। उनसे कहा कि वह योजनाओं में रुपया लगाकर दोगुना व उससे भी अधिक मुनाफा कम समय में कमा सकती हैं।
शालिनी ठगों की बातें में आ गईं और बताए गए खाते में 50 हजार रुपये डाल दिए। ठगी का पता लगने के बाद पीड़िता ने शिकायत की थी। साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को शालिनी को साइबर थाने बुलाया गया। वहां खाते से निकाली गई संपूर्ण धनराशि वापस दिलाई गई।