उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शहर कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड पर संचालित निजी हॉस्पिटल पर प्रसव के दो दिन बाद महिला की मौत हो गई। आक्रोशित परिजन ने महिला के शव को अस्पताल के बाहर रखकर जमकर हंगामा काटा। पति की शिकायत पर पुलिस ने तीन डॉक्टर और एक स्टाफ नर्स के नाम से रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद डॉक्टर और स्टाफ क्लीनिक बंद कर मौके से भाग गए हैं।
निजी अस्पताल पर महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया। सीएमओ के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार, प्रभारी (झोलाछाप) डॉ. अजय कुमार मौके पर पहुंचे। टीम को अस्पताल बंद मिला। मौके पर कोई नहीं मिला।
जांच में पाया गया कि अस्पताल पंजीकृत नहीं था। सीएमओ के निर्देश पर टीम ने अस्पताल को सील कर नोटिस चस्पा किया है। संचालक से अस्पताल के संचालन संबंधी अभिलेख मांगे गए हैं। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता का कहना था नोटिस का जवाब ने मिलने पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।