बिछवां। गांव मगरौरा में मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खड़े आपस में बात कर रही महिला व युवक को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया, टक्कर लगने से सरकारी हैंडपंप भी क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। वहां महिला को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव मगरौरा की रहने वाली 40 वर्षीय प्रेमलता देवी मंगलवार दोपहर को घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी गांव सिमरई के रहने वाले 26 वर्षीय राशिद से बात कर रही थीं। तभी हन्नूखेड़ा की तरफ से सीमेंट बालू लाद कर आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया।
ट्रैक्टर-ट्राॅली ने सड़क किनारे लगे सरकारी हैंडपप को तोड़ते हुए प्रेमलता और राशिद को चपेट में ले लिया।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। आनन-फानन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने प्रेमलता को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।