बुधवार रात थाना एलाऊ क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई, जिसमें सवार लोगों में से दो की मौत हो गई थी, जबकि 15 से ज्यादा महिला पुरुष घायल हुए थे। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव गांव चौहानपुर पहुंचे। एक साथ दोनों की अर्थियां श्मशान घाट तक ले जाई गईं। वहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। वहीं अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बता दें कि थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव चौहानपुर से बुधवार को कस्बा कुसमरा के गांव कुम्हौल में लगे मेला में ग्रामीण नेजा चढ़ाने गए थे। वहां आयोजन समाप्त होने के बाद करीब 30 से अधिक महिलाएं और पुरुष ट्राली में बैठकर गांव के लिए रवाना हो गए। देर रात ट्रैक्टर-ट्राली जब थाना एलाऊ क्षेत्र के तारापुर मोड़ के समीप पहुंची, तभी एक अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर में कट मार दिया जिससे अनियंत्रित होकर ट्राली सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां विश्वनाथ और राहुल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, तीन गंभीर घायलों को सैफई रेफर कर दिया। गुरुवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव चौहानपुर पहुंचते ही कोहराम मच गया। गांव से दोनों अर्थियां एक साथ उठीं जिन्हें देखकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
मृतक की दो वर्ष पूर्व हुई थी शादी
अजीतगंज। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले विश्वनाथ की दो वर्ष पूर्व ही रीता के साथ शादी हुई थी। वहीं मृतक राहुल अभी अविवाहित था। दोनों की असमय मौत ने परिवारीजनों को तोड़ कर रख दिया है।