बिछवां। थाना क्षेत्र के गांव अंजनी में खेत पर लगी सबमर्सिबल के ट्रांसफाॅर्मर से मंगलवार की रात दो चोर कॉपर व अन्य सामग्री निकाल रहे थे। दोनों को मालिक ने मौके पर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के गांव अंजनी निवासी श्याम सिंह ने बताया कि रात 11 बजे उनके खेत पर लगी सबमर्सिबल के ट्रांसफाॅर्मर से दो चोर कॉपर व अन्य सामग्री चोरी कर रहे थे। जिनको मौके पर पकड़ लिया। इसकी सूचना परिजन को दी। ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दोनों चोरों की जमकर पिटाई कर दी। चोरों ने अपना नाम देव कुमार उर्फ कच्चा, अजय कुमार उर्फ धीरेंद्र सिंह निवासी राधा नगर थाना कोतवाली मैनपुरी बताए। ग्रामीणों ने उनके पास से चोरी में प्रयोग किए गए रिंच, पाना सहित अन्य उपकरण बरामद किए। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस दोनों चोरों को थाने ले आई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद