करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर में शनिवार शाम ग्राम सभा की जमीन से मिट्टी उठा रहे लोगों को रोका तो वह हमलावर हो गए। प्रधान को पीटना शुरू कर दिया। जान से मारने की नीयत से सिर में कुल्हाड़ी मार दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
कुर्रा क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर में शनिवार शाम को गांव के रहने वाले सौरभ यादव और हरवीर सिंह ग्राम समाज की जमीन से मिट्टी को उठवा रहे थे।
जानकारी होने के बाद प्रधान ब्रजपाल सिंह वहां आ गए। सौरभ और हरवीर से कहा कि वह लोग ग्राम समाज की जमीन से मिट्टी न उठाएं। इसी बात पर दोनों आग बबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से प्रधान पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले लाठी-डंडों से पीटा, फिर कुल्हाड़ी से सिर में वार किया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद प्रधान अचेत होकर गिर गए। लोगों को एकत्रित होता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। प्रभारी निरीक्षक विक्रांत गुर्जर ने बताया कि हमलावर को जल्द पकड़ा जाएगा।