कुरावली में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
- फोटो : People charged with animal thieves hit vehicles, animals assigned to those
जीटी रोड पर शनिवार को पशुओं से लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। टक्कर मारने वाली गाड़ी पशु चोरों की बताई जा रही है। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बिना छानबीन के गाड़ी में लदे पशु उन्हीं लोगों को सौंप दिए। जबकि पुलिस का कहना है कि पशु स्थानीय लोगों की सुपुर्दगी में दिए गए हैं।
10 वर्ष पहले कन्नौज के थाना छिबरामऊ के ग्राम विशुनगढ़ निवासी सूरज सिंह व उनकी पत्नी की मृत्यु होने पर भांजे राजू व उसकी तीन छोटी बहनों को रिश्ते के मामा एटा के थाना मलावन क्षेत्र के ग्राम नगलाखुमानी निवासी भूदेव लेकर आ गए थे। राजू व उसकी बहनों की देखभाल मामा ही कर रहे हैं। वर्तमान में राजू (20) दिल्ली में कारपेंटर का काम सीख रहा था। कुछ दिनों पहले वह गांव लौटा था। शनिवार को वह कस्बा से बुआ के लड़के सुमित पुत्र उदयवीर को बाइक से बुलाने गया था। लगभग 12 बजे दोनों गांव नगला खुमानी लौट रहे थे। जैसे ही वह जीटी रोड स्थित केसी पेट्रोल पंप के आगे पहुंचे तभी सामने से तेजगति में आ रहे ट्रक के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक चला रहे राजू की मौके पर ही मौत हो गई। सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टक्कर मारने वाले ट्रक में दो दर्जन से अधिक भैंस ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं। ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया और नवीन कृषि मंडी समिति में भेज दिया। लोगों का आरोप है कि ट्रक में लदी भैंसें दूसरे वाहनों में लोड करके हादसा करने वाली गाड़ी के सवारों को ही सौंप दी गई हैं। वहीं कोतवाल नौशाद अहमद खान का कहना है कि ट्रक में लदी भैंसों को स्थानीय लोगों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।