मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रवेशपत्र बुधवार की देर शाम जिले में पहुंच गए। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्रवेश पत्र वितरण का कार्य बृहस्पतिवार को शुरू करा दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को प्रवेश पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
यूपी बोर्ड 2026 की परीक्षाएं 18 फरवरी से होंगी, जो 12 मार्च तक संचालित होंगी। हाईस्कूल के 29664 और इंटरमीडिएट के 28980 कुल 58644 परीक्षार्थी शामिल होने जा रहे हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र माध्यमिक शिक्षा परिषद ने उपलब्ध करा दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से बृहस्पतिवार को पहले दिन 33 कॉलेजों को प्रवेश पत्र भेज दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने जिले के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रवेशपत्र प्राप्त कर छात्र-छात्राओं को समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। हालांकि प्रवेश पत्र विभाग की वेबसाइट से भी कॉलेज संचालक अपलोड कर सकेंगे।