थाना क्षेत्र में बुधवार रात गश्त के दौरान एक लड़के को पीट रहे युवक को रोकने पर आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर सिपाही की ही पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उसकी वर्दी भी फाड़ दी। सिपाही की ओर से थाने में आरोपी व उसके साथियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
यूपी 100 के पुलिस वाहन पर तैनात सिपाही आशाराम बुधवार रात को मैनपुरी मार्ग स्थित एक शराब ठेका के समीप से गुजर रहा था। तभी ठेका के समीप एक युवक एक लड़के की पिटाई कर रहा था। आशाराम ने गाड़ी से उतरने के बाद जब मारपीट कर रहे युवक को रोका तो उसने अपने तीन साथियों को बुला लिया। सिपाही के साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी भी फाड़ दी। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को देखते हुए आरोपी राजू निवासी देवपुरा साथियों के साथ वहां से भाग गया। लोगों ने बताया कि राजू प्राइवेट बस स्टेंड पर मुंशी है। टेंपो में कई सवारियां और सिपाही बैठा हुआ था। सवारियां भरने का विरोध करने पर सिपाही से उसकी लड़ाई हुई थी। वहीं पुलिस ने उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी व उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।