मैनपुरी में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले के 500 से अधिक परिवारों को अब भारी-भरकम बिजली बिल से मुक्ति मिल चुकी है। यूपी नेडा के तहत सोलर रूफटॉप लगवाने के लिए लोगों में खासा रुझान देखने को मिल रहा है। परियोजना अधिकारी ने बताया कि अब तक करीब 2145 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। जिनमें 1044 आवेदन चयनित हो चुके हैं।
बढ़ती बिजली की दरें, कटौती और महीने में आना वाले भारी भरकम बिल उपभोक्ताओं को इस महंगाई में काफी परेशान करता है। ऐसे में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने लोगों की परेशानी को काफी हद तक कम कर दिया है। इसके तहत जिले में यूपी नेडा को इस योजना के तहत सोलर रूफटॉप लगवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वर्ष 2027 तक हर घर सोलर से रोशन किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में अब तक जिले में करीब 500 से अधिक लोग सोलर रूफटॉप लगवाकर महंगी बिजली से आजादी पा चुके हैं।
यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी एनएन के दुबे ने बताया कि योजना के प्रति समय के साथ ही लोगों में रुझान बढ़ रहा है। लोग घरों में सोलर रूफटॉप लगवा रहे हैं। इस समय ऑनलाइन करीब 2145 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 2141 स्वीकृत किए जा चुके हैं। 1044 योजना के तहत चयनित हो चुके हैं और वेंडरों ने रूफटॉप लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया है। विभागीय स्तर व वेंडर की ओर से योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम व बैठकों का आयोजन भी समय समय पर किया जाता है।
महंगा नहीं, केंद्र और यूपी सरकार दे रही सब्सिडी
यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत एक किलो वाट से 10 किलो वाट तक के संयंत्र लगाए जाते हैं। एक किलो वाट का रूफटॉप संयंत्र 65 हजार रुपये का लगता है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार और राज्य सरकार की ओर से 15 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है। इस तरह से कुल 45 हजार रुपये का अनुदान सरकार देती है। अनुदान मिलने के बाद एक किलो वाट का संयंत्र सिर्फ 20 हजार रुपये में पड़ता है। इसी प्रकार किलो वाट के आधार पर सब्सिडी तय की गई है।
अधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन किया जाता है। जिले में करीब 11 वेंडर इस योजना के तहत चयनित हैं। योजना के संबंध में किसी बाहरी व्यक्ति से संपर्क न करें। यदि किसी प्रकार की समस्या आ रही हो तो यूपी नेडा स्थित उनके कार्यालय पर आकर संपर्क कर सकते हैं। इस योजना के तहत पीएम सूर्य घर गवर्नमेंट डॉट इन पर आवेदन किया जाता है।