जीटी रोड पर पलटा अनियंत्रित ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप बुधवार दोपहर वारदाना से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने ट्रक का शीशा तोड़कर चालक परिचालक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा। सड़क के बीचोंबीच ट्रक पलटने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को हटाने की कवायद शुरू कर दी है।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर शीतला पेट्रोल पंप के समीप वारदाना से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर घटनास्थल की ओर दौडे़ ग्रामीणों ने चालक सचिन पुत्र राजकुमार निवासी गांव रौली थाना पिलुआ एटा और परिचालक प्रदीप पुत्र रमेश निवासी नगला भूड़ थाना बागवाला एटा को बाहर निकाला। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। ग्रामीणों ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चालक ट्रक में दिल्ली से वारदाना लेकर छिबरामऊ जा रहा था। वहीं ग्रामीणों की मानें तो ट्रक ड्राइवर शराब की नशे में था। ट्रक पलटने से जीटी रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा
थाना क्षेत्र के छिबरामऊ रोड पर बुधवार शाम करीब पांच बजे एक अनियंत्रित ट्रक घर में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित कर रहे संजय के मकान में घुस गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। ट्रक की टक्कर से घर के बाहर पड़ा टीन-शेड क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।