उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बुखार से मरने वालों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। बुखार से पीड़ित मरीजों की लगातार मौत भी हो रही है। शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती एक साल के बच्चे की बुखार से पीड़ित होने पर मौत हो गई। वहीं एक अन्य ने हार्ट अटैक के चलते दम तोड़ दिया। पांच मरीजों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव बहादुर निवासी परी (1) पुत्री उपेंद्र को पिछले कुछ दिनों से बुखार के साथ निमोनिया की दिक्कत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन ने शनिवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान परी की मौत हो गई।
थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव प्यारपुर निवासी रघुवीर सिंह (60) को शुक्रवार की शाम अचानक हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 60 मरीज भर्ती कराए गए।
दोपहर 12 बजे की ओपीडी में 866 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें सर्दी, जुकाम, निमोनिया और बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था उपचार के कुछ समय में ही बच्ची की मौत हो गई।