फोटो 1 पकड़े गए लुटेरे व बरामद माल। संवाद
- फोटो : बुधवार को शहर के एक चूड़ी कारखाने में काम करते श्रमिक। संवाद
मैनपुरी। थाना घिरोर पुलिस ने मंगलवार रात को लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार किए। उनके कब्जे से लूटा गया माल, नकदी तमंचा कारतूस आदि बरामद हुए। बुधवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि जनपद में लूट व चोरी आदि की घटनाएं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस चेकिंग कर रही थी इसी दौरान मंगलवार रात को थानाध्यक्ष घिरोर अनुज चौहान को सूचना मिली कि क्षेत्र में लूट व चोरी की घटनाओं अंजाम देने वाले गिरोह के बदमाश देखे गए हैं। इस सूचना पर थानाध्यक्ष ने टीम के साथ दबिश देकर कपरावली तिराहे से दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी का माल तमंचा कारतूस, नकदी आदि बरामद हुई।
पूछताछ करने पर बदमाशों ने अपने नाम अनूप उर्फ ऋषि निवासी गांव औड़ेन्य मंडल थाना दन्नाहार, नव्यांशु उर्फ बिट्टू निवासी भवानीपुर थाना कुर्रा बताया। बताया कि वह लोग साथी देवा उर्फ जनवेद यादव निवासी गांव बमिया थाना बेवर के साथ मिल कर लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। तीनों ने करीब डेढ़ माह में थाना बेवर में ई-रिक्शा लूट, 25 मई को कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा लूट की घटना अंजाम दी। इसके अलावा दो जून को सदर कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक की जेब से मोबाइल व नकदी चोरी की, 15 मई को घिरोर क्षेत्र में ई-रिक्शा लूटा था। इसके अलावा उनका गिरोह कई आपराधिक घटनाएं अंजाम दे चुका है। पुलिस तीसरे साथी देवा की तलाश कर रही है।