सड़क हादसे में दो की मौत, 13 गंभीर
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के खरपरी के समीप रविवार देर रात बरातियों को लेकर लौट रही पिकअप का टायर फट गया। जिसके चलते अनियंत्रित पिकअप खाई में पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 13 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घायलों का उपचार आगरा और जिला अस्पताल में चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कपूरपुर निवासी कुंवरपाल के पुत्र प्रमोद की बरात रविवार को थाना किशनी क्षेत्र के गांव लोधीपुरा गई थी। देर रात आयोजन में शामिल होने के बाद गांव कपूरपुर निवासी ग्रामीण और रिश्तेदार पिकअप से घर वापस लौट रहे थे। रात्रि करीब दो बजे कोतवाली क्षेत्र के खरपरी पुल के समीप अचानक पिकअप का टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में मुलायम सिंह (50) निवासी रामबाग और सुधीर (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक ने सुरेंद्र सिंह निवासी कपूरपुर को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया। वहीं हादसे में घायल राजबहादुर, जंगजीत सिंह, भइया लाल, शेर बहादुर, बिल्लू, यशपाल, प्रेमनारायण, आदेश निवासी गांव बुझिया थाना करहल समेत अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।