मैनपुरी के दन्नाहार क्षेत्र के गांव विघरई के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे वे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे और पिकअप भी उन्हीं पर पलट गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मोहल्ला गुलाब बाग निवासी 40 वर्षीय रवि कठेरिया और रामलीला मैदान सदर कोतवाली निवासी 45 वर्षीय महेंद्र नाई के रूप में हुई है। तीसरा घायल व्यक्ति, रवि का साढ़ू रमन है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के संबंध में बताया गया कि रवि कठेरिया अपने साढ़ू रमन और दोस्त महेंद्र नाई के साथ शिकोहाबाद जा रहे थे। रवि अपनी साली के लिए रिश्ता देखने जा रहा था। दन्नाहार क्षेत्र के गांव विघरई के पास घिरोर की ओर से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र और रवि पास के पानी भरे गड्ढे में जा गिरे और अनियंत्रित पिकअप भी उन पर पलट गई। रमन कुछ दूरी पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।